•   Friday, 12 Jun, 2026
NDRF conducts mock drill to tackle flood disaster in Varanasi

वाराणसी में बाढ़ आपदा से निपटने के लिए एनडीआरएफ का मॉक अभ्यास

Generic placeholder image
  Varanasi ki aawaz

वाराणसी में बाढ़ आपदा से निपटने के लिए एनडीआरएफ का मॉक अभ्यास

वाराणसी:- 11 जून। आगामी मॉनसून-2026 के दौरान संभावित बाढ़ एवं उससे उत्पन्न होने वाली आपात परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु आज उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में एक व्यापक संयुक्त मॉक अभ्यास का सफल आयोजन किया गया। 
यह अभ्यास उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तत्वावधान में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल तथा जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, नागरिक पुलिस, जल पुलिस, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य सहयोगी एजेंसियों के संयुक्त प्रयासों से सम्पन्न हुआ।

इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आपदा की स्थिति में विभिन्न एजेंसियों के मध्य समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता तथा संसाधनों के प्रभावी उपयोग का परीक्षण एवं सुदृढ़ीकरण करना था, जिससे जन-धन की हानि को न्यूनतम किया जा सके।

मॉक अभ्यास में एनडीआरएफ की फ्लड वॉटर रेस्क्यू  टीमों ने उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा के नेतृत्व में सक्रिय भागीदारी निभाई। 
यह अभ्यास गोरखपुर, महराजगंज, लखनऊ, उन्नाव, गाजीपुर एवं वाराणसी सहित बाढ़ संभावित जनपदों में आयोजित किया गया, जहां विभिन्न आपदा परिदृश्यों का यथार्थपरक प्रदर्शन किया गया।

अभ्यास के दौरान नदी में व्यक्ति के डूबने की घटना, यात्री नौका के पलटने, अचानक आई बाढ़ के कारण प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों के सुरक्षित बचाव एवं निकासी जैसे महत्वपूर्ण परिदृश्यों पर आधारित खोज एवं बचाव अभियान संचालित किए गए। 
इन अभियानों में आधुनिक बचाव उपकरणों, नावों एवं विशेष आपदा प्रतिक्रिया तकनीकों का सफल प्रदर्शन किया गया।

पूरे अभ्यास के दौरान इंसिडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम के दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया गया। अभ्यास के समापन पर सभी सहभागी एजेंसियों—जिला प्रशासन, पुलिस, जल पुलिस, यातायात पुलिस, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग एवं एनडीआरएफ—ने संयुक्त रूप से अपने प्रदर्शन की समीक्षा की तथा आपसी समन्वय एवं आपदा प्रबंधन क्षमता को और अधिक सुदृढ़ बनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा ने कहा कि “एनडीआरएफ अत्याधुनिक उपकरणों, उच्च प्रशिक्षित मानव संसाधन एवं समर्पित कार्मिकों के साथ किसी भी प्रकार की आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूर्णतः सक्षम एवं तैयार है तथा
यह मेगा मॉक अभ्यास आगामी मानसून सत्र के दौरान संभावित आपदाओं के प्रति तैयारियों को परखने तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच आपसी सहयोग को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

रिपोर्ट- युवराज जायसवाल.. वाराणसी
Comment As:

Comment (0)