•   Thursday, 26 Mar, 2026
Basti: Suman a member of the transgender community appealed to the SP for justice alleging assault and snatching of her gold chain in the court premises.

बस्ती : किन्नर समुदाय की सुमन ने SP से लगाई न्याय की गुहार, कोर्ट परिसर में मारपीट व सोने की चेन छीनने का आरोप

Generic placeholder image
  Varanasi ki aawaz

बस्ती : किन्नर समुदाय की सुमन ने SP से लगाई न्याय की गुहार, कोर्ट परिसर में मारपीट व सोने की चेन छीनने का आरोप

बस्ती। सीजेएम कोर्ट परिसर में 16 मार्च को हुई मारपीट और सोने की चेन छीने जाने की घटना ने स्थानीय स्तर पर नए विवाद को जन्म दे दिया है। किन्नर समुदाय की सदस्य सुमन ने इस मामले में पुलिस अधीक्षक बस्ती से न्याय की मांग करते हुए आरोपित पूजा उर्फ उर्मिला के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
कोर्ट परिसर में मारपीट का आरोप
सुमन के अनुसार, वह अपने चल रहे मुकदमे “सरकार बनाम चंद्रप्रकाश उर्फ कल्लू” की पैरवी के लिए कोर्ट पहुंची थीं। इसी दौरान आरोपित पूजा उर्फ उर्मिला (निवासी ग्राम कोठवा भरतपुर, थाना नगर) ने उन्हें देखकर विवाद शुरू कर दिया और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए धमकाने लगी।
सुमन का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पूजा ने उनके बाल पकड़कर मारपीट की, नाखूनों से चेहरे पर चोट पहुंचाई और छाती पर चढ़कर हमला किया, जिससे उन्हें रक्तस्राव हुआ। इसी दौरान उनके गले में पहनी सोने की चेन और लॉकेट छीने जाने का भी आरोप है। कोर्ट में मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर सुमन को बचाया।
सुमन के मुताबिक, उन्होंने घटना के बाद 112 पर कॉल किया, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।
अमित को लेकर चल रहा पुराना विवाद भी जुड़ा
सुमन ने बताया कि वह अमित (निवासी – अजगैवा जंगल, थाना गौर) के साथ लिव-इन रिलेशन में थीं। दोनों का कचहरी में इकरारनामा भी हुआ था और सोशल मीडिया पर दोनों के साथ कई फोटो मौजूद हैं। बाद में अनबन होने पर विवाद बढ़ गया।
इसी दौरान सुमन की शिकायत पर अमित के खिलाफ धारा 377 सहित कई धाराओं में मुकदमे दर्ज हुए। पुलिस रिकॉर्ड में अमित को "अपराधिक प्रवृत्ति का शातिर" बताया गया है और उसके खिलाफ गुंडा अधिनियम 1970 के तहत कार्रवाई की सिफारिश भी की गई है। उस पर मारपीट, मोबाइल छीनना, किन्नरों से शोषण, कमाई हड़पने जैसे आरोप दर्ज हैं।
सुलह की कोशिश से नाराज़ हुई पूजा – सुमन का दावा
सुमन ने बताया कि हाल ही में चौकी इंचार्ज सिविल लाइन अजय सिंह की मौजूदगी में उनकी अमित से सुलह की बैठक हुई थी, जिसमें दोनों ने फिर से साथ रहने और पुराने मुकदमे हटाने पर सहमति जताई थी। इस सुलहनामे की जानकारी जब पूजा उर्फ उर्मिला को हुई तो वह नाराज़ हो गईं और इसी वजह से कोर्ट परिसर में हमला किया।
सुमन की SP से मांग : FIR दर्ज हो, चेन वापस मिले
सुमन ने आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र भेजकर मांग की है कि—
पूजा उर्फ उर्मिला के खिलाफ उचित धाराओं में FIR दर्ज की जाए
छीनी गई सोने की चेन और लॉकेट वापस दिलाया जाए
पूरी घटना की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाए
दूसरी ओर, पूजा की तहरीर पर सुमन के खिलाफ पहले ही मामला दर्ज
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूजा की ओर से दी गई तहरीर पर कोतवाली थाना में सुमन के खिलाफ मारपीट की FIR दर्ज की जा चुकी है। जबकि सुमन की शिकायत पर अभी तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

रिपोर्ट- राहिल खान.. बस्ती उत्तर प्रदेश
Comment As:

Comment (0)